अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन
मार्च 8, 2021
हर साल 8 मार्च को, अमेरिका महिलाओं और बालिकाओं के नेतृत्व, शक्ति और साहस का सम्मान करते हुए दुनिया के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाता है। अमेरिका इस सच्चाई को स्वीकार करता है कि सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक जीवन में महिलाओं की उचित भागीदारी हमारे व्यापक समाज में शांति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है।
कोविड-19 महामारी ने पिछले वर्ष महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और समृद्धि के लिए एक अप्रत्याशित चुनौती पेश की थी। घरों में ही रहने के निर्देश के अनुपालन के दौरान घरेलू उत्पीड़न की बढ़ी आशंका से लेकर बढ़ी हुई आर्थिक और रोज़गार संबंधी असुरक्षा तक, महामारी ने महिलाओं और बालिकाओं को कुछ ज़्यादा ही प्रभावित किया है। इस विषमता के बावजूद, महिलाओं ने इस महामारी के मोर्चे पर नेतृत्वकारी भूमिका निभाई है जिसमें अवैतनिक परिचारक, स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक और अन्य अनिवार्य सेवाकर्मियों की भूमिकाएं निभाना शामिल हैं। साथ ही, महिलाएं सभी लोगों की गरिमा और अधिकारों की निरंतर हिमायत करते हुए टिकाऊ बदलावों को अंजाम दे रही हैं, जिनसे उनके समुदाय वर्षों तक लाभान्वित होते रहेंगे।
मुझे इस वर्ष 15वीं वार्षिक अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला (आईडब्ल्यूओसी) पुरस्कार समारोह की मेज़बानी करके अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की बहुत खुशी है। इस वर्ष की पुरस्कार विजेताओं ने ये प्रदर्शित किया है कि साहसिक महिलाएं एक बेहतर दुनिया के निर्माण की प्रेरणा देती हैं। इन महिलाओं ने शांति, न्याय, मानवाधिकार, लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की हिमायत करते हुए असाधारण साहस, शक्ति और नेतृत्व का प्रदर्शन किया है, और इस प्रक्रिया में अक्सर भारी निजी जोख़िम उठाया है और बलिदान दिया है। हम जानते हैं कि जब महिलाओं को सशक्त किया जाता है, तो वे सकारात्मक बदलाव की वाहक बनती हैं। मुझे इस साल के आईडब्ल्यूओसी पुरस्कार विजेताओं में से प्रत्येक के महान कार्यों की सराहना करते हुए गर्व हो रहा है, और विशेष सम्मान की बात ये है कि इस आयोजन में प्रथम महिला हमारे साथ होंगी।
अमेरिका ये सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण हमारी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा में केंद्रीय सिद्धांतों के रूप में शामिल रहे। आज, बाक़ी दिनों की तरह ही, हम स्वदेश में और दुनिया भर में महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर अटल हैं। अमेरिका प्रत्येक महिला और बालिका के स्वास्थ्य तथा आर्थिक, राजनीतिक और मानव अधिकारों का समर्थन करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए तत्पर है, क्योंकि जब महिलाओं को सशक्त बनाया जाता है, तो हम सभी इससे लाभान्वित होते हैं।
मूल स्रोत: https://www.state.gov/celebrating-international-womens-day/
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।