Homeहिन्दी ...अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूरी दुनिया की महिलाओं का सम्मान hide अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूरी दुनिया की महिलाओं का सम्मान हिंदी में अनुवाद अमेरिकी विदेश विभाग प्रेस बयान विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन मार्च 8, 2022 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर, अमेरिका दुनिया भर की महिलाओं और बालिकाओं की उपलब्धियों और योगदान के जश्न में वैश्विक समुदाय के साथ सगर्व शामिल हो रहा है, साथ ही हमें उनके सामने अभी भी मौजूद बाधाओं का भी अहसास है। अमेरिका लैंगिक समता और समानता को बढ़ावा देने तथा तमाम विविधताओं के साथ महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पर दृढ़ है। आज दुनिया जलवायु संकट, अब भी जारी कोविड-19 महामारी, तथा यूक्रेन, इथियोपिया, यमन और कई अन्य स्थानों पर मानवीय आपदा और संघर्ष सहित अहम चुनौतियों का सामना कर रही है, जो महिलाओं और बालिकाओं को कुछ ज़्यादा ही प्रभावित करती हैं, जिसमें अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों में कमी किया जाना शामिल है। अमेरिका मानता है कि इन कठिन चुनौतियों का ठीक से समाधान करने के लिए, हमें महिलाओं और बालिकाओं की ज़रूरतों पर ध्यान देना होगा, और यह सुनिश्चित करना होगा कि जीवन के सभी क्षेत्रों में उनकी सशक्त भागीदारी हो। इसलिए मुझे यह पूर्वावलोकन करते हुए गर्व हो रहा है कि राष्ट्रपति का वित्तीय वर्ष 2023 का बजट दुनिया भर में लैंगिक समता और समानता को बढ़ावा देने वाले विदेशी सहायता कार्यक्रमों के लिए लगभग 2.6 बिलियन डॉलर का अनुरोध करेगा, जो वित्त वर्ष 2022 के बजट में लैंगिक समता कार्यक्रमों के लिए मांगी गई राशि से दोगुना से भी अधिक है। इसमें जेंडर इक्विटी एंड इक्वलिटी एक्शन फ़ंड के लिए 200 मिलियन डॉलर का अनुरोध शामिल है। इसके अतिरिक्त, अमेरिका दुनिया भर में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत प्रयासों को औपचारिक रूप देने और उनमें तेज़ी लाने के लिए कई ठोस क़दम उठा रहा है, जिनमें लैंगिक समता और समानता पर पहली अमेरिकी राष्ट्रीय रणनीति के तहत हो रहे प्रयास शामिल हैं। यह रणनीति लैंगिक समता और समानता को अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी शीर्ष प्राथमिकताओं में औपचारिक स्थान देती है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में और महिलाओं एवं बालिकाओं की स्थिति में सुधार के लिए हमारी परंपरागत प्रतिबद्धता के अनुरूप, मुझे गर्व है कि आज, विदेश विभाग ने अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला (आईडब्ल्यूओसी) पुरस्कार 2022 के विजेताओं की घोषणा की। मैं सोमवार, 14 मार्च को state.gov पर एक वर्चुअल कार्यक्रम में 16वें वार्षिक आईडब्ल्यूओसी पुरस्कार समारोह की मेज़बानी करूंगा। यह वार्षिक पुरस्कार मानवाधिकारों, लैंगिक समता और समानता, शांति, न्याय, क़ानून के शासन और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली – अक्सर भारी व्यक्तिगत ख़तरा उठाते हुए या बलिदान देकर – महिलाओं को, उनकी तमाम विविधताओं के साथ, मान्यता और सम्मान देता है। नेपाल में एलजीबीटीक्यूआई+ लोगों के अधिकारों को बढ़ावा देने से लेकर, लाइबेरिया में सभी प्रकार की लिंग आधारित हिंसा को रोकने और उनके खिलाफ़ क़दम उठाने, तथा लीबिया की पहली महिला विदेश मंत्री बनने समेत विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने वाली 2022 की आईडब्ल्यूओसी पुरस्कार विजेता महिलाएं वास्तव में मिसाल पेश करती हैं कि साहसी होने का मतलब क्या होता है। 2022 की आईडब्ल्यूओसी पुरस्कार विजेताओं के बारे में अधिक जानकारी https://www.state.gov/secretary-of-states-international-women-of-courage-award/ पर प्राप्त करें। अमेरिका महिलाओं और बालिकाओं की आर्थिक सुरक्षा का समर्थन करने; लिंग आधारित हिंसा के सभी रूपों को रोकने और उनके खिलाफ़ क़दम उठाने; स्वास्थ्य, शिक्षा, न्याय, मानवाधिकारों एवं क़ानून के तहत समानता और मानवीय राहत तक उनकी पहुंच बढ़ाने; तथा जलवायु परिवर्तन और सुरक्षा चुनौतियों से निपटने, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास और लोकतंत्र को बढ़ावा देने सहित सभी क्षेत्रों में राजनीतिक नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार 2022 की विजेता महिलाओं, तथा दुनिया भर की सभी साहसी महिलाओं और बालिकाओं, मैं आपकी ताक़त, नेतृत्व क्षमता और हम सभी के लिए एक अधिक न्यायपूर्ण, शांतिपूर्ण और मुक्त दुनिया बनाने के प्रयासों के लिए आपको धन्यवाद देता हूं। मूल स्रोत: https://www.state.gov/celebrating-women-around-the-world-on-international-womens-day/ अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।