अमेरिकी विदेश विभाग
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन
प्रेस वक्तव्य
अगस्त 30, 2022
अमेरिका ब्रेव कमांडर जहाज़ के ज़रिए 23,300 मीट्रिक टन यूक्रेनी अनाज के जिबूती पहुंचने का स्वागत करता है। यह अनाज चार साल के सूखे के कारण गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे देशों इथियोपिया और सोमालिया में वितरित किया जाएगा। अमेरिका इस क्षेत्र में मानवीय सहायता सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका के लिए जिबूती का आभारी है।
विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफ़पी) में अमेरिका के हाल 68 मिलियन डॉलर से अधिक के योगदान के फलस्वरूप, यह अनाज काला सागर से निर्यात किए गए यूक्रेनी कृषि उत्पादों की उन शुरुआती खेपों में शामिल है, जोकि 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस का अन्यायपूर्ण और व्यापक हमला होने के बाद दुनिया के कुछेक सर्वाधिक खाद्य असुरक्षित देशों तक पहुंच पाए हैं। अमेरिका डब्ल्यूएफ़पी में सबसे बड़ा योगदानकर्ता है, जिसने अक्टूबर 2021 के बाद से संगठन को 5.7 बिलियन डॉलर प्रदान किए हैं। फरवरी के बाद से, अमेरिका ने दुनिया भर में खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे देशों में आपात खाद्य सहायता प्रयास बढ़ाने के लिए मानवीय मदद के रूप में 5.4 बिलियन डॉलर से अधिक प्रदान किए हैं।
यूक्रेनी कृषि उत्पाद वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। अमेरिका काला सागर होकर यूक्रेन के कृषि निर्यात को फिर से शुरू करने के लिए तुर्की और संयुक्तराष्ट्र की मध्यस्थता में यूक्रेन और रूस के बीच हुए समझौते का समर्थन करता है, और हम रूस द्वारा समझौते की शर्तों के अनुपालन पर क़रीब से नज़र रख रहे हैं। हम रूस से यूक्रेन में अपने युद्ध को तत्काल रोकने का आह्वान करते हैं, जोकि हाल में गंभीर हुई वैश्विक खाद्य असुरक्षा की स्थिति से निपटने में बहुत मददगार साबित होगा।
मूल स्रोत: https://www.state.gov/arrival-of-wheat-carrying-brave-commander-to-east-africa-from-ukraine/
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।