अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
मीडिया नोट
सितंबर 24, 2021
जलवायु पर राष्ट्रपति के विशेष दूत जॉन केरी ऊर्जा पर संयुक्तराष्ट्र के उच्चस्तरीय संवाद में शामिल हुए और आधिकारिक तौर पर अमेरिका के ऊर्जा प्रस्ताव की घोषणा की। यह प्रस्ताव पेरिस समझौते और अंतत: 2050 तक नेट-ज़ीरो ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लक्ष्यों के अनुरूप, सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा पर सतत विकास लक्ष्य सात पाने की दिशा में अमेरिकी सरकार की विभिन्न स्वैच्छिक प्रतिबद्धताओं और कार्यों पर प्रकाश डालता है। ये प्रतिबद्धताएं अमेरिका की नेतृत्वकारी भूमिका को प्रदर्शित करती हैं और इनका उद्देश्य है इन लक्ष्यों के समर्थन में अन्य देशों को खुद के ऐसे प्रस्ताव विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना।
ऊर्जा पर इस वर्ष का संयुक्तराष्ट्र उच्चस्तरीय संवाद 40 वर्षों में ऊर्जा पर केंद्रित पहली ऐसी बैठक थी, और राष्ट्रपति के विशेष दूत केरी ने इसमें बाइडेन-हैरिस प्रशासन के जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा एजेंडे को प्रदर्शित किया। राष्ट्रपति बाइडेन ने पेरिस समझौते के तहत 2030 में उत्सर्जन को 2005 के स्तर से 50-52 प्रतिशत नीचे के स्तर पर लाने का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने 2035 तक 100 प्रतिशत कार्बन उत्सर्जन मुक्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी लक्ष्य घोषित किया है। विदेशों में, अमेरिका दुनिया भर की उभरती अर्थव्यवस्थाओं में स्वच्छ ऊर्जा तंत्र में संक्रमण हेतु निवेश कर रहा है, जिसमें वैश्विक उत्सर्जन में वृद्धि को रोकने तथा आधुनिक और स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से आर्थिक विकास को बढ़ावा देने हेतु ‘बिल्ड बैक बेटर वर्ल्ड’ जैसी महत्वाकांक्षी पहल शामिल हैं।
अमेरिकी ऊर्जा प्रस्ताव इस एजेंडे की प्रमुख पहलों को एक साथ पेश करता है। इसमें विदेश, ऊर्जा और परिवहन विभाग; अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएड) और पावर अफ्रीका पहल; तथा अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास वित्त निगम (डीएफ़सी) सहित अमेरिका सरकार की विभिन्न एजेंसियों के विभिन्न महत्वाकांक्षी प्रयास शामिल हैं। अमेरिकी ऊर्जा प्रस्ताव और ऊर्जा पर संयुक्तराष्ट्र के उच्चस्तरीय संवाद के दौरान घोषित अन्य प्रस्ताव, वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण को जलवायु संकट विरोधी प्रयासों के केंद्र में लाकर ग्लासगो, ब्रिटेन में आयोजित जलवायु पर संयुक्तराष्ट्र के फ़्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफ़सीसीसी) के पक्षकारों के 26वें सम्मेलन (कॉप26) को सफल बनाने की दिशा में प्रगति को तेज़ कर सकेंगे।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।