व्हाइट हाउस
जुलाई 8, 2022
मैं इस खबर से स्तब्ध, आक्रोशित और अत्यंत दुखी हूं कि मेरे मित्र जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे शिंज़ो की चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह जापान के लिए और उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए एक त्रासदी है। मुझे प्रधानमंत्री आबे के साथ मिलकर काम करने का सौभाग्य मिला था। उपराष्ट्रपति के रूप में, मैंने उनसे टोक्यो में मुलाक़ात की थी और वाशिंगटन में उनका स्वागत किया था। वह हमारे राष्ट्रों के बीच गठबंधन और हमारे लोगों के बीच मित्रता के समर्थक थे। वह सबसे लंबे कार्यकाल वाले जापानी प्रधानमंत्री थे, और मुक्त एवं खुले हिंद-प्रशांत की उनकी परिकल्पना क़ायम रहेगी। सबसे बढ़कर, उन्हें जापानी लोगों की बहुत फ़िक्र थी और उनकी सेवा के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया था। यहां तक कि जब उन पर हमला हुआ, उस समय भी वह लोकतंत्र के काम में लगे हुए थे। कई विवरण अभी तक हमारे सामने नहीं हैं, लेकिन हम जानते हैं कि हिंसक हमलों को कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता और यह कि बंदूक जनित हिंसा हमेशा इससे प्रभावित समुदायों को गहरी चोट पहुंचाती है। दुख की इस घड़ी में अमेरिका जापान के साथ खड़ा है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।