अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन का बयान
जून 4, 2021
अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता के तहत अमेरिका नई मानवीय सहायता के रूप में 266 मिलियन डॉलर से अधिक प्रदान कर रहा है। इसी के साथ 2002 से लेकर अब तक अफ़ग़ानिस्तान के लिए कुल अमेरिकी मानवीय सहायता लगभग 3.9 बिलियन डॉलर हो गई है।
अमेरिकी लोगों की इस सहायता के सहारे हमारे अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता साझेदार अफ़ग़ानिस्तान के अनुमानित 18 मिलियन ज़रूरतमंद लोगों में से कइयों को मदद दे सकेंगे, जिनमें 4.8 मिलियन से अधिक आंतरिक रूप से विस्थापित अफ़ग़ान शामिल हैं। अकेले इस वर्ष, अफ़ग़ानिस्तान के भीतर संघर्ष के कारण 115,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, और लगभग 500,000 लोग वापस अफ़ग़ानिस्तान लौट आए हैं जिन्हें सहायता की आवश्यकता है। यह फंडिंग हमारे साझेदारों को मौजूदा कोविड-19 महामारी से उत्पन्न जरूरतों के प्रत्युत्तर में जीवनरक्षक सुरक्षा, आश्रय, आजीविका के अवसर, आवश्यक स्वास्थ्य सेवा, आपातकालीन खाद्य सहायता, पानी, स्वच्छता और साफ-सफाई संबंधी सेवाएं प्रदान करने में समर्थ बना सकेगी। इसके अलावा, यह सहायता सबसे लाचार अफ़ग़ानों की सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने में सहायक है। इसमें महामारी और दशकों के संघर्ष के परिणामस्वरूप लिंग आधारित हिंसा सहित विशेष जोखिमों का सामना करने वाली महिलाएं और बालिकाएं शामिल हैं।
हम इस अंतरराष्ट्रीय प्रयास में अन्य दानदाताओं के योगदान का स्वागत करते हैं और बाक़ियों से अफ़ग़ानिस्तान की तात्कालिक मानवीय ज़रूरतों को पूरा करने के लिए उदारतापूर्वक सहयोग करने का आग्रह करते हैं। अफ़ग़ानिस्तान के पड़ोसियों ने दुनिया के सबसे बड़े और दीर्घकालिक शरणार्थी समुदायों में से एक की मेज़बानी की है। हम मेज़बान देशों को अफ़ग़ान लोगों के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देते हैं और उनसे आग्रह करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के आकांक्षी अफ़ग़ानों के लिए वे अपनी सीमाएं खुली रखें। हम मेज़बान देशों के प्रयासों में सहायता के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
कई वर्षों से, अमेरिका ने वापस लौटने वाले अफ़ग़ानों, शरणार्थियों और विस्थापितों को समर्थन देने को प्राथमिकता दी है। अब जबकि अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैन्य बलों को हटा रहा है, हमारी स्थायी प्रतिबद्धता स्पष्ट है। हम अपने संपूर्ण राजनयिक, आर्थिक और मानवीय सहायता प्रयासों के ज़रिए अफ़ग़ानिस्तान के शांतिपूर्ण और स्थिर भविष्य का समर्थन कर रहे हैं, जोकि अफ़ग़ान लोगों की आकांक्षा है और जिसके वे हक़दार हैं। हम अफ़ग़ान नेताओं और तालिबान से आग्रह करते हैं कि वे 40 वर्षों से भी अधिक समय से जारी संघर्ष को ख़त्म करने हेतु बातचीत के जरिए राजनीतिक समाधान तथा स्थायी एवं व्यापक युद्धविराम की दिशा में प्रगति तेज़ करें, और शरणार्थियों की सुरक्षित घर वापसी के लायक़ परिस्थितियां निर्मित करें।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।