व्हाइट हाउस
तत्काल जारी करने के लिए
अप्रैल 5, 2022
आज अमेरिका, जी7 और यूरोपीय संघ के साथ समन्वय में, पुतिन शासन पर बुचा सहित यूक्रेन में उसके अत्याचारों के लिए गंभीर और त्वरित आर्थिक क़ीमत थोपना जारी रख रहा है। हम इन अत्याचारों के बारे में जानकारियों का दस्तावेज़ीकरण और प्रसार करेंगे तथा दोषी लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए सभी उपयुक्त उपायों का इस्तेमाल करेंगे। इस प्रयास के एक अंश के रूप में, अमेरिका रूस में नए निवेश पर प्रतिबंध लगाने हेतु कड़े आर्थिक उपायों की घोषणा कर रहा है, तथा रूस के सबसे बड़े बैंक, सरकारी स्वामित्व वाले उसके कई अहम उद्यमों और रूसी सरकार के अधिकारियों एवं उनके परिजनों पर सर्वाधिक गंभीर वित्तीय प्रतिबंध लगा रहा है। ये व्यापक वित्तीय प्रतिबंध इसी सप्ताह ऋण भुगतान हेतु अमेरिका में जमा रूसी धन के उपयोग पर पाबंदी लगाने की हमारी कार्रवाई की कड़ी में लगाए गए हैं। महत्वपूर्ण बात ये है कि इन उपायों को एक दूसरे को सुदृढ़ करते हुए आगे कहीं अधिक गंभीर प्रभाव डालने के लिए तैयार किया गया है।
अमेरिका और दुनिया भर के हमारे 30 से अधिक सहयोगी देशों और साझेदारों ने इतिहास में अब तक के सबसे प्रभावी, समन्वित और व्यापक आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं। विशेषज्ञों का अनुमान है कि रूस की जीडीपी पिछले पंद्रह वर्षों के आर्थिक विकास को गंवाते हुए, इस साल 15 प्रतिशत तक सिकुड़ जाएगी। वहां मुद्रास्फीति पहले से ही 15 प्रतिशत से ऊपर के स्तर पर है तथा इसमें और वृद्धि का अनुमान है। निजी क्षेत्र की 600 से अधिक कंपनियां पहले ही रूसी बाज़ार छोड़ चुकी हैं। रूस में सप्लाई चेन बुरी तरह बाधित हो चुकी है। रूस के एक प्रमुख अर्थव्यवस्था की हैसियत खोने की पूरी आशंका है, और उसके आर्थिक, वित्तीय और तकनीकी अलगाव का दौर लंबे समय तक जारी रहेगा। हमारे नए निर्यात नियंत्रणों के कारण रूस को अमेरिकी निर्यात के मूल्य में, पिछले वर्ष की तुलना में, 99 प्रतिशत की कमी आई है – और इन प्रतिबंधों की शक्ति समय के साथ बढ़ती जाएगी क्योंकि कतिपय विमानों और टैंकों के स्पेयर पार्ट्स का रूस का बचा-खुचा भंडार और पुतिन की युद्ध मशीन के लिए आवश्यक अन्य संसाधन कम होते जा रहे हैं।
जब तक रूस यूक्रेन पर अपना क्रूर हमला जारी रखता है, हम रूस पर उसके कार्यों के लिए अतिरिक्त क़ीमत थोपने में अपने सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ एकजुट रहेंगे। आज, अमेरिका निम्नलिखित कार्रवाइयों की घोषणा कर रहा है:
रूस के सबसे बड़े वित्तीय संस्थान, स्बरबैंक और रूस के सबसे बड़े निजी बैंक अल्फ़ा बैंक पर पूर्ण अवरोधक प्रतिबंध। यह कार्रवाई अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से जुड़ी स्बरबैंक और अल्फ़ा बैंक की किसी भी परिसंपत्ति को फ्रीज़ कर देगी और अमेरिकी लोगों को उनके साथ व्यापार करने से रोक देगी। स्बरबैंक के पास रूसी बैंकिंग क्षेत्र की कुल परिसंपत्ति का लगभग एक तिहाई हिस्सा है और वह रूसी अर्थव्यवस्था के लिए संस्थागत रूप से महत्वपूर्ण है। अल्फ़ा बैंक निजी स्वामित्व वाला रूस का सबसे बड़ा वित्तीय संस्थान है और समग्र रूप से रूस का चौथा सबसे बड़ा वित्तीय संस्थान है।
रूसी परिसंघ में नए निवेश पर रोक। राष्ट्रपति बाइडेन एक नए कार्यकारी आदेश (ई.ओ.) पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं जिसमें रूस में अमेरिकी लोगों, चाहे वो जहां भी हों, द्वारा नए निवेश पर पाबंदी शामिल है, जो रूस को वैश्विक अर्थव्यवस्था से और भी अलग-थलग कर देगा। यह कार्रवाई 600 से अधिक बहुराष्ट्रीय व्यवसायों के रूस से बाहर निकलने के फ़ैसले की कड़ी से जुड़ा क़दम है। निजी क्षेत्र के इस पलायन में निर्माता, ऊर्जा कंपनियां, बड़े खुदरा विक्रेता, वित्तीय संस्थान, साथ ही विधि और सलाहकारी कंपनियों जैसे अन्य सेवा प्रदाता शामिल हैं। आज का ई.ओ. वैश्विक प्रतिस्पर्धा की रूसी परिसंघ की क्षमता को स्थायी रूप से कमज़ोर कर सकेगा।
सरकारी स्वामित्व वाले अहम बड़े रूसी उद्यमों पर पूर्ण अवरोधात्मक प्रतिबंध। यह किसी भी अमेरिकी व्यक्ति को इन संस्थानों के साथ लेन-देन करने पर रोक लगाएगा और अमेरिकी अधिकार क्षेत्र के अधीन उनकी किसी भी परिसंपत्ति को फ्रीज़ कर देगा, जिससे इन संस्थानों के उपयोग की क्रेमलिन की क्षमता को नुक़सान पहुंचेगा जिन पर कि वह यूक्रेन में अपने युद्ध के संचालन और वित्तपोषण के लिए निर्भर करता है। वित्त विभाग कल इन संस्थानों के नामों की घोषणा करेगा।
रूसी अभिजात वर्ग और उनके परिजनों पर पूर्ण अवरोधात्मक प्रतिबंध, जिनमें राष्ट्रपति पुतिन के वयस्क बच्चे, विदेश मंत्री लावरोव की पत्नी और पुत्री, तथा रूस के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री दिमित्री मेदवेदेव और प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन समेत रूसी सुरक्षा परिषद के सदस्य शामिल हैं। इन व्यक्तियों ने रूसी लोगों की क़ीमत पर खुद को समृद्ध किया है। इनमें से कुछ यूक्रेन के खिलाफ़ पुतिन के युद्ध के समर्थन के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए ज़िम्मेदार हैं। यह कार्रवाई उन्हें अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से काट देगी और अमेरिका में मौजूद उनकी किसी भी परिसंपत्ति को फ्रीज़ कर देगी।
अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा रूस पर अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में मौजूद निधियों के ऋण भुगतान के लिए उपयोग पर प्रतिबंध। ये प्रतिबंध अभी रूसी संप्रभु ऋण से संबंधित भुगतान पर उस स्थिति में रोक नहीं लगाते हैं जब रूस अमेरिकी अधिकार क्षेत्र के बाहर मौजूद धन का उपयोग करता हो। लेकिन रूस की स्थिति दुनिया भर में एक वित्तीय अछूत की है – और अब उसे ऋण भुगतान करने के लिए अपने शेष उपलब्ध धन का उपयोग करने या डिफ़ॉल्ट करने में से एक विकल्प चुनना पड़ेगा।
मानवीय सहायता कार्यों के वास्ते आवश्यक क्षेत्रों के लिए प्रतिबद्धता। यूक्रेन के खिलाफ़ बर्बर युद्ध के लिए रूस पर अपने प्रतिबंधों और अन्य आर्थिक कार्रवाइयों को जारी रखते हुए, हम रूसी लोगों और दुनिया भर के लोगों को लाभान्वित करने वाले आवश्यक मानवीय सहायता और संबंधित इन गतिविधियों को छूट देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं: बुनियादी खाद्य पदार्थों एवं कृषि उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना, दवा और चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति को सुरक्षित बनाना, तथा सूचना के प्रवाह और इंटरनेट की उपलब्धता, जोकि रूसी लोगों को बाह्य दृष्टिकोण सुलभ कराते हैं, के समर्थन के लिए दूरसंचार सेवाओं को सक्षम बनाना। ये गतिविधियां हमारे प्रतिबंध प्रयासों का निशाना नहीं हैं, और अमेरिका एवं अन्य पश्चिमी देशों की कंपनियां रूस में इन क्षेत्रों में काम करना जारी रख सकती हैं। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग और एजेंसियां यह सुनिश्चित करने के लिए उचित छूट और रियायतें जारी करेंगी कि ऐसी गतिविधियां बाधित नहीं हों।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।