तत्काल जारी करने के लिए
व्हाइट हाउस
फरवरी 22, 2022
पुतिन को जवाबदेह ठहराने के लिए अमेरिका तथा सहयोगी देशों और साझेदारों की कार्रवाई; यदि रूस ने इस हमले को आगे बढ़ाया तो अतिरिक्त क़ीमत थोपेंगे
कल, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के दो क्षेत्रों को स्वतंत्र देशों के रूप में मान्यता दी और आज दावा किया कि मान्यता में पूरा डोनबास क्षेत्र शामिल है। साथ ही, रूसी संसद ने इस यूक्रेनी क्षेत्र में अतिरिक्त रूसी बलों की तैनाती की स्वीकृति दी है।
जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन और हमारे सहयोगी देशों और साझेदारों ने स्पष्ट किया है, हम रूस पर उसके कार्यों के लिए भारी क़ीमत थोपेंगे। आज, बाइडेन प्रशासन सहयोगी देशों और साझेदारों – यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, कनाडा, जापान और ऑस्ट्रेलिया – के साथ समन्वय में, 2014 के मुक़ाबले कहीं अधिक दूरगामी प्रतिबंधों की पहली किस्त को लागू कर रहा है। और जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने वादा किया था, हमने यह सुनिश्चित करने के लिए जर्मनी के साथ समन्वय किया कि नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन का काम आगे नहीं बढ़े।
राष्ट्रपति ने निम्नलिखित क़दमों के लिए निर्देश दिया है:
- दो महत्वपूर्ण रूसी वित्तीय संस्थानों पर पूर्ण अवरोधात्मक प्रतिबंध। वित्त मंत्री सरकारी स्वामित्व वाले इन दो बड़े रूसी वित्तीय संस्थानों पर पूर्ण अवरोधात्मक प्रतिबंध लगाएंगे जो क्रेमलिन और रूसी सेना के वित्तपोषण के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करते हैं: व्नेशकोनॉमबैंक और प्रोम्सव्याज़बैंक और उनकी सहायक कंपनियां। सामूहिक रूप से, इन संस्थानों के पास 80 बिलियन डॉलर से अधिक की परिसंपत्ति है, और ये रूसी रक्षा क्षेत्र एवं आर्थिक विकास को वित्तपोषित करते हैं। ये प्रतिबंधात्मक उपाय अमेरिका में उनकी संपत्ति को फ़्रीज़ कर देंगे, अमेरिकी व्यक्तियों और व्यवसायों द्वारा उनके साथ किसी भी तरह के लेनदेन पर पाबंदी लगाएंगे, उन्हें वैश्विक वित्तीय प्रणाली से बाहर कर देंगे, और अमेरिकी डॉलर तक उनकी पहुंच को रोक देंगे।
- रूसी संघ के केंद्रीय बैंक, रूसी संघ की राष्ट्रीय संपदा निधि और रूसी संघ के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी नए ऋण हेतु द्वितीयक बाज़ारों में अमेरिकी व्यक्तियों और कंपनियों की भागीदारी पर पाबंदी हेतु विस्तारित संप्रभु ऋण प्रतिबंध। ये प्रतिबंध रूसी सरकार के एक प्रमुख माध्यम को बंद कर देंगे जिसके द्वारा वह अपनी ज़रूरी परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए पूंजी जुटाती है, और उसके लिए भविष्य के वित्तपोषण की लागत बढ़ाएंगे। यह क़दम रूस को प्रमुख अमेरिकी बाज़ारों और निवेशकों तक पहुंचने से रोकता है।
- विशिष्ट वर्ग के इन पांच रूसियों और उनके परिजनों पर पूर्ण अवरोधात्मक प्रतिबंध: अलेक्ज़ेंडर बोर्तनिकोव (और उसका पुत्र डेनिस), सर्गेई किरियेंको (और उसका पुत्र व्लादिमीर), तथा प्रोम्सव्याज़बैंक के सीईओ पेत्र फ्रैडकोव। ये लोग और इनके रिश्तेदार क्रेमलिन के साथ अपने संबंधों से सीधे लाभान्वित होते हैं। रूसी अभिजात वर्ग के अन्य सदस्यों और उनके परिजनों को नोटिस पर रखा जा रहा है कि उनके खिलाफ़ भी अतिरिक्त क़दम उठाए जा सकते हैं।
- आज, वित्त मंत्री यह निर्धारित करेंगे कि रूसी संघ की अर्थव्यवस्था के वित्तीय सेवा क्षेत्र का प्रत्येक संस्थान भावी प्रतिबंधों का लक्ष्य हो सकता है। वैश्विक स्तर पर रूस के दैनिक विदेशी मुद्रा लेनदेन का 80% से अधिक अमेरिकी डॉलर में होता है और रूस का लगभग आधा अंतरराष्ट्रीय व्यापार डॉलर में होता है। इस क़दम के साथ ही, अब सबसे बड़े बैंकों समेत कोई भी रूसी वित्तीय संस्थान हमारी कार्रवाइयों से बच नहीं सकता है।
ये क़दम हमारे सहयोगी देशों और साझेदारों द्वारा उठाए जा रहे क़दमों के अतिरिक्त हैं और रूस की कार्रवाइयों के प्रति हमारी शुरुआती प्रतिक्रिया के तहत उठाए गए हैं। जैसा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने स्पष्ट किया है, अगर रूस अपनी आक्रामकता जारी रखता है तो उसे और भी अधिक क़ीमत चुकानी पड़ेगी।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।