अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी
प्रेस कार्यालय
रीड आउट
जुलाई 27, 2022
निम्नांकित पाठ कार्यवाहक प्रवक्ता शेजल पुलिवर्ती के हवाले से है:
आज यूएसएड की प्रशासक समांथा पावर ने अमेरिकी दूतावास और यूएसएड कर्मचारियों के साथ एक टाउन हॉल बैठक की, जहां उन्होंने अमेरिका-भारत राजनयिक साझेदारी के 75 वर्षों पर प्रकाश डाला और अमेरिका-भारत संबंधों को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता के लिए कार्मिकों का आभार जताया। यूएसएड प्रशासक ने यूएसएड के स्थानीय भारतीय कर्मचारियों से भी मुलाक़ात की और भारत में स्थानीय नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कोविड-19 महामारी के दौरान प्रदर्शित कर्मठता के लिए उनकी सराहना की।
दोपहर में, प्रशासक पावर ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, दिल्ली में संस्थान के शिक्षकों, छात्रों और प्रेस के समक्ष मुख्य भाषण प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में, प्रशासक पावर ने वैश्विक विकास के अनेक क्षेत्रों में भारत के नेतृत्व को रेखांकित किया, जिनमें हाल ही में श्रीलंका को आर्थिक संकट से उबरने के लिए दिया उसका समर्थन शामिल है। उन्होंने भारत और दुनिया भर में मौजूदा, उभरती और भावी मानवीय एवं विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए भारत के नेताओं की अगली पीढ़ी को बढ़ावा देने के महत्व पर भी ज़ोर दिया।
उसके बाद प्रशासक पावर ने क्रिकेट के गुर सीखे और मैजिक बस की युवतियों के साथ एक मैच में भाग लिया। मैजिक बस यूएसएड द्वारा समर्थित संगठन है, जो अपनी पूरी क्षमता हासिल करने में युवाओं की सहायता करता है। उन्होंने युवतियों को पुरुषों के वर्चस्व वाले इस खेल में नेतृत्वकारी भूमिका निभाते रहने, और साथ ही अपने सपनों को पूरा करने हेतु प्रयासरत रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
आखिर में, प्रशासक पावर ने भारतीय पत्रकारों को इंटरव्यू दिया और यूएसएड प्रशासक के रूप में भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा की मुख्य बातों पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे अमेरिका और भारत वैश्विक खाद्य सुरक्षा और जलवायु संबंधी संकटों सहित तात्कालिक चुनौतियों से निपटने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उसके परे समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।