An official website of the United States Government Here's how you know

Official websites use .gov

A .gov website belongs to an official government organization in the United States.

Secure .gov websites use HTTPS

A lock ( ) or https:// means you’ve safely connected to the .gov website. Share sensitive information only on official, secure websites.

अमेरिकी विदेश विभाग
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन
प्रेस वक्तव्य
अगस्त 2, 2022

राष्ट्रपति पुतिन के क्रूर युद्ध के खिलाफ़ जहां यूक्रेनी जनता मातृभूमि की बहादुरी से रक्षा कर रही है, वहीं रूसी अभिजात वर्ग भारी आय पैदा करने वाली कंपनियां चला रहा है और रूस के बाहर अपनी आलीशान जीवन शैली का वित्तपोषण कर रहा है। आज, अमेरिका यह सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कदम उठा रहा है कि क्रेमलिन और उसके समर्थकों को पुतिन के नितांत अनुचित युद्ध के विरुद्ध हमारी कार्रवाइयों के बढ़ते प्रभावों को झेलना पड़े।

अमेरिकी विदेश विभाग कार्यकारी आदेश (ई.ओ.) 14024 के तहत रूसी कुलीन वर्ग के लोगों, सरकारी स्वामित्व वाले उपक्रमों और अवैध क्रिया-कलापों पर प्रतिबंध लगा रहा है। विभाग कुलीन वर्ग के तीन लोगों दिमित्री अलेक्जेंड्रोविच पंपियांस्की, आंद्रे इगोरेविच मेल्निचेंको, और अलेक्जेंडर अनातोलेविच पोनोमैरेंको को प्रतिबंधित कर रहा है। इसके अतिरिक्त, विदेश विभाग संयुक्त स्टॉक कंपनी स्टेट ट्रांसपोर्टेशन लीजिंग कंपनी और उसकी चार सहायक कंपनियों पर प्रतिबंध लगा रहा है। विभाग रूस के सहयोग से यूक्रेनी क्षेत्र में अवैध रूप से काम कर रहे चार व्यक्तियों और एक उपक्रम पर भी प्रतिबंध लगा रहा है। हमारे सहयोगी देश और साझेदार आपसी एकजुटता बढ़ाते हुए इनमें से कई लोगों और उपक्रमों पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुके हैं।

साथ ही, हम ई.ओ. 14024 के अनुरूप रक्षा और प्रौद्योगिकी से संबंधित 24 रूसी उपक्रमों पर प्रतिबंध लगाते हुए रूस की युद्ध मशीन पर अतिरिक्त क़ीमत थोप रहे हैं। रूस ने मॉस्को की युद्ध-लड़ने की क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए उच्च-प्रौद्योगिकी संबंधी अनुसंधान और नवाचारों के दोहन पर व्यवस्थित रूप से ध्यान केंद्रित किया है — वही रक्षा क्षमताएं, रूसी सेनाएं जिनका इस्तेमाल यूक्रेन के घनी आबादी वाले क्षेत्रों पर अपने बर्बर हमलों में कर रही है और जिसके परिणामस्वरूप बच्चों सहित आम नागरिक मारे जा रहे हैं। हमारी कार्रवाइयों में रक्षा क्षेत्र से जुड़े रूस के कुछ अतिमहत्वपूर्ण अनुसंधान और विकास संस्थानों, सेमीकंडक्टर उत्पादकों और उन्नत कंप्यूटिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स उपक्रमों को लक्षित किया गया है। ये कार्रवाइयां रूस के रक्षा और उच्च-प्रौद्योगिकी क्षेत्र के उद्योगों को और भी अलग-थलग कर देंगी और मास्को की युद्ध मशीन में उनके योगदान को सीमित कर देंगी।

इसके अतिरिक्त, विदेश विभाग यूक्रेन में रूस के युद्ध से संबंधित कई लोगों पर वीज़ा प्रतिबंध लगाने जा रहा है। इनमें रूसी संसद के उच्च सदन के सदस्यों और सैनिक अधिकारियों समेत रूसी परिसंघ के 893 अधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने यूक्रेन की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, या राजनीतिक स्वतंत्रता को ख़तरे में डालने या उनके उल्लंघन का काम किया है। इनमें दूसरे देशों के 31 सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं जिन्होंने यूक्रेन के क्रीमिया क्षेत्र के कथित रूसी अधिग्रहण का समर्थन करते हुए यूक्रेन की संप्रभुता को चुनौती दी थी या उसका उल्लंघन किया था।

और आखिर में, आज वित्त विभाग ने भी प्रतिबंध लगाते हुए क्रेमलिन से जुड़े अभिजात वर्ग, एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी, और प्रतिबंधों को धता बताने के एक अभियान को निशाना बनाया है। उसने ई.ओ. 14024 के तहत एक यॉट को भी ज़ब्त परिसंपत्ति के रूप में चिन्हित किया है। कुलीन वर्ग के ये लोग और व्यवसाय ऐसे आर्थिक क्षेत्रों से संबद्ध हैं जोकि रूसी शासन के लिए पर्याप्त राजस्व पैदा करते हैं, और इनमें रूस के बाहर के स्रोत भी शामिल हैं।

अमेरिका यूक्रेन के बहादुर लोगों के समर्थन से पीछे नहीं हटेगा तथा राष्ट्रपति पुतिन और उनके सहयोगियों की जवाबदेही तय करना जारी रखेगा, जिनके कार्य यूक्रेन के लिए इतनी पीड़ा और विनाश की वजह बने हैं।

आज उठाए गए कदमों के बारे में अधिक जानकारी के लिए, कृपया वित्त विभाग की प्रेस विज्ञप्ति और विदेश विभाग की फ़ैक्ट शीट देखें।


मूल स्रोत: https://www.state.gov/imposing-additional-costs-on-russia-for-its-continued-war-against-ukraine-3/.

अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।

U.S. Department of State

The Lessons of 1989: Freedom and Our Future