व्हाइट हाउस
सितंबर 20, 2021
राष्ट्रपति जोसेफ़ आर. बाइडेन जूनियर ने आज शाम संयुक्तराष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाक़ात की। उन्होंने अमेरिका और संयुक्तराष्ट्र के बीच मज़बूत साझेदारी की पुष्टि की, जो विशेषकर साझा मूल्यों पर आधारित है जिनमें सार्वभौम मानवाधिकार, मौलिक स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का सम्मान शामिल हैं। उन्होंने बहुपक्षवाद तथा लोकतंत्र और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की रक्षा के महत्व की चर्चा की, जिनको संयुक्तराष्ट्र ने बढ़ावा दिया है, और जो आज की सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। विशेष रूप से, उन्होंने कोविड-19 महामारी को समाप्त करने, स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी भविष्य के ख़तरों के विरुद्ध तैयारी करने, जलवायु परिवर्तन से निपटने, खाद्य प्रणालियों और खाद्य सुरक्षा को मज़बूत करने, मानवीय सहायता जरूरतों को पूरा करने, संघर्ष को रोकने और कम करने, तथा दुनिया भर में मानवाधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी रक्षा करने के लिए संयुक्तराष्ट्र के सदस्य देशों को साथ लेते हुए मिलकर काम करने की तत्काल ज़रूरत पर बल दिया। राष्ट्रपति ने इस बात पर फिर से ज़ोर दिया कि जटिल वैश्विक चुनौतियों से केवल वास्तविक वैश्विक समाधानों के सहारे ही निपटा जा सकता है – यह दृष्टिकोण राष्ट्रपति के बेहतर पुनर्निर्माण के दृष्टिकोण में भी परिलक्षित होता है – और उन्होंने सभी को समृद्धि, शांति और सुरक्षा प्रदान करने में संयुक्तराष्ट्र की अनूठी भूमिका को रेखांकित किया।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।