अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
विदेश मंत्री एंटनी जे. ब्लिंकन का बयान
फरवरी 25, 2022
अमेरिका यूक्रेन की जनता के खिलाफ़ बर्बर और अकारण हमले के लिए राष्ट्रपति पुतिन और उनके क़रीबी लोगों पर अभूतपूर्व क़ीमत थोप रहा है। हम यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता में अपने सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ एकजुट हैं कि रूसी सरकार को यूक्रेन के संप्रभु और लोकतांत्रिक राष्ट्र पर फिर से हमला करने की गंभीर आर्थिक और कूटनीतिक क़ीमत चुकानी पड़े।
सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ समन्वय में, हम राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन पर फिर से हमले के लिए सीधे तौर पर ज़िम्मेवार रूस की सुरक्षा परिषद के तीन सदस्यों – विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु, और प्रथम उप रक्षा मंत्री एवं रूसी सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव – पर प्रतिबंध लगा रहे हैं।
राष्ट्रपति पुतिन ने बातचीत के ज़रिए पारस्परिक सुरक्षा चिंताओं का समाधान ढूंढने और अनावश्यक संघर्ष एवं मानवीय पीड़ा से बचने के अमेरिका और हमारे सहयोगी देशों एवं साझेदारों के ईमानदार प्रयासों को खारिज कर दिया।
इस हमले के जवाब में, वित्त विभाग ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन और विदेश मंत्री लावरोव को प्रतिबंधित किया है। इससे संबद्ध एक कार्रवाई में, विदेश विभाग ने ई.ओ. 14024 की धारा 1(ए)(i) के तहत शोइगु और गेरासिमोव पर प्रतिबंध लगाए हैं, क्योंकि इन लोगों को रूसी अर्थव्यवस्था के रक्षा और संबद्ध मामलों के सेक्टर का संचालन करने या कर चुके होने के लिए ज़िम्मेवार ठहराया गया है।
अमेरिकी वित्त विभाग पहले ही रूसी सुरक्षा परिषद के ग्यारह सदस्यों पर प्रतिबंध लगा चुका है, और यदि रूस ने यूक्रेन के खिलाफ़ अकारण छेड़े गए अपने अभियान को बंद नहीं किया तो हम भविष्य में और अधिक लोगों को प्रतिबंधित करने पर विचार करेंगे।
हम यूक्रेन के खिलाफ़ युद्ध के लिए रूस पर गंभीर परिणाम थोपने के वास्ते अपने साझेदारों और सहयोगी देशों के साथ निकट समन्वय जारी रखेंगे। विगत कई महीनों से साझेदारों और सहयोगी देशों के साथ हर स्तर पर जारी कूटनीति ने ऐसे उपायों को लेकर हमारी उद्देश्य, संकल्प और समन्वय आधारित एकजुटता को मज़बूत किया है जोकि रूस पर गंभीर असर डालेंगे, विशेषकर पड़ोसियों के खिलाफ़ रूस के शत्रुतापूर्ण कार्यों के लिए ज़िम्मेदार लोगों पर, जिनमें इस युद्ध के कर्ताधर्ता भी शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।