व्हाइट हाउस
अगस्त 3, 2021
डेल्टा वेरिएंट के प्रसार को रोकने तथा अमेरिका में अधिकाधिक लोगों को टीके लगाने के लिए हमारे द्वारा किए जा रहे अतिरिक्त प्रयासों के बारे में पिछले सप्ताह की घोषणा की कड़ी में, राष्ट्रपति बाइडेन कोविड-19 को समाप्त करने की अपनी रणनीति के एक और अहम पहलू — विदेशों में वायरस के प्रसार को रोकना — पर नवीनतम जानकारी देंगे। ऐसा करने की हमारी रणनीति के तहत राष्ट्रपति ने वादा किया है कि अमेरिका दुनिया के लिए टीकों का भंडार बनेगा और विदेशों में वायरस का मुक़ाबला करने के लिए हम स्वदेश जैसी तत्परता के साथ ही काम कर रहे हैं। आज, राष्ट्रपति यह घोषणा करेंगे कि अमेरिका ने अब तक 60 से अधिक देशों को अपने कोविड-19 टीकों की 110 मिलियन से अधिक ख़ुराकें दान में देने और सौंपने का काम किया है — यह एक अहम उपलब्धि है जो कोविड-19 टीकों के दान के मामले में अमेरिका की वैश्विक नेता की हैसियत को पक्का करती है। संयुक्तराष्ट्र के अनुसार, यह संख्या अन्य सभी देशों के सम्मिलित दान से भी अधिक है और यह अमेरिकी भावना की उदारता को दर्शाती है।
जून में, राष्ट्रपति ने अमेरिकी सप्लाई से कम से कम 80 मिलियन टीके दुनिया भर के देशों को दान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी, और उन्होंने वादा है किया कि हम टीके बांटना जारी रखेंगे क्योंकि हम इसमें सक्षम हैं। आज की घोषणा उनके वादे की पूर्ति और आने वाले सप्ताहों में अमेरिका द्वारा बांटी जाने वाली करोड़ों अतिरिक्त ख़ुराकों से संबंधित एक अहम अग्रिम अदायगी है। अमेरिका इन ख़ुराकों को बांटने में इसलिए सक्षम रहा है क्योंकि राष्ट्रपति ने पदभार संभालने के बाद सभी अमेरिकियों के लिए पर्याप्त टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़कर कार्रवाई की थी। इनमें से अधिकांश टीके — अमेरिका में निर्मित — कोवैक्स के माध्यम से बांटे गए हैं। अमेरिका ने अफ्रीकी संघ और कैरेबियन समुदाय (कैरिकॉम) सहित प्रमुख क्षेत्रीय साझेदारों के साथ निकट समन्वय में भी काम किया है।
ये 110 मिलियन से अधिक ख़ुराकें — जो पहले ही दुनिया भर में लोगों की जान बचा रही हैं — दुनिया को टीके उपलब्ध कराने के प्रशासन के प्रयासों की शुरुआत भर है। इस महीने के अंत से, प्रशासन फ़ाइज़र टीके की आधा बिलियन ख़ुराकों का वितरण शुरू कर देगा, अमेरिका ने जिन्हें ख़रीदकर 100 कम आय वाले देशों को दान में देने का वचन दिया है।
अमेरिकी टीके बांटने को लेकर बाइडेन प्रशासन का दृष्टिकोण: हमारे लक्ष्य हैं: वैश्विक कोविड-19 टीकाकरण कवरेज को बढ़ाना, संक्रमण में उछाल की स्थिति के लिए तैयार रहना, स्वास्थ्यकर्मियों और जनस्वास्थ्य संबंधी डेटा एवं मान्य सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के अनुरूप चिन्हित जोखिम वाले अन्य वर्गों को प्राथमिकता देना, तथा अपने पड़ोसियों और अन्य ज़रूरतमंद देशों की मदद करना। अहम बात ये है कि अमेरिका ने अन्य देशों का फ़ायदा उठाने के लिए अपने टीकों का उपयोग नहीं किया है और न ही करेगा। हमारा उद्देश्य है ज़िंदगियां बचाना।
प्रशासन कई तरह के कारकों पर विचार करता है, जिनमें कोविड-19 संक्रमण, मौत एवं अस्पताल में भर्ती होने की दर; टीकाकरण की मौजूदा दर; संक्रमण में उछाल आने के मद्देनज़र की गई कार्रवाई; तथा देशों की टीके हासिल करने और टीके लगाने की क्षमता जैसे कारक शामिल हैं।
हम कोवैक्स, अफ्रीकी संघ और कैरिकॉम जैसे क्षेत्रीय सहयोगियों तथा अन्य साझेदारों के साथ काम करना जारी रखेंगे ताकि इन टीकों का समतापूर्ण तरीक़े से और विज्ञान एवं जनस्वास्थ्य डेटा के अनुरूप वितरण सुनिश्चित किया जा सके। यह इतिहास का एक अनूठा क्षण है, और इसके लिए अमेरिकी नेतृत्व, विज्ञान एवं कौशल और दृढ़ता की दरकार है, और हमने ये दिखा दिया है कि हम दुनिया भर के लोगों की सहायता कर सकते हैं।
अब तक, अमेरिका ने निम्नानुसार कोविड-19 टीके दान में दिए हैं:
अफ़ग़ानिस्तान | 3,300,000 | मलेशिया | 1,000,000 | |
अर्जेंटीना | 3,500,000 | माली | 151,000 | |
बांग्लादेश | 5,500,000 | मॉरिटानिया | 302,000 | |
बेनिन | 302,000 | मेक्सिको | 4,049,000 | |
भूटान | 500,000 | मोल्दोवा | 301,000 | |
बोलीविया | 1,008,000 | मोरक्को | 302,000 | |
ब्राज़ील | 3,000,000 | मोजाम्बिक़ | 302,000 | |
बुर्किना फ़ासो | 302,000 | नेपाल | 1,534,000 | |
कंबोडिया | 1,058,000 | नाइजर | 316,000 | |
कैमरून | 303,000 | नाइजीरिया | 4,000,000 | |
कनाडा | 2,500,000 | पाकिस्तान | 5,500,000 | |
सीएआर | 302,000 | पनामा | 503,000 | |
कोलंबिया | 6,000,000 | पराग्वे | 2,000,000 | |
कोस्टारिका | 500,000 | पेरू | 2,000,000 | |
जिबूती | 151,000 | फिलीपींस | 6,239,000 | |
इक्वाडोर | 2,000,000 | पीएनजी | 302,000 | |
अल सल्वाडोर | 3,000,000 | दक्षिण कोरिया | 1,012,000 | |
इस्वातिनी | 302,000 | सेनेगल | 302,000 | |
इथियोपिया | 1,664,000 | सोमालिया | 302,000 | |
फ़िजी | 150,000 | दक्षिण अफ्रीका | 5,660,000 | |
गाम्बिया | 302,000 | श्रीलंका | 1,500,000 | |
जॉर्जिया | 503,000 | सूडान | 604,000 | |
ग्वाटेमाला | 4,500,000 | ताइवान | 2,500,000 | |
गिनी बिसाऊ | 302,000 | ताजिकिस्तान | 1,500,000 | |
हैती | 500,000 | तंज़ानिया | 1,058,000 | |
होंडुरास | 3,000,000 | थाईलैंड | 1,500,000 | |
इंडोनेशिया | 8,000,000 | ट्यूनीशिया | 1,000,000 | |
जॉर्डन | 503,000 | यूक्रेन | 2,000,000 | |
लाओस | 1,000,000 | युरुग्वे | 500,000 | |
लेसोथो | 302,000 | उज़्बेकिस्तान | 3,000,000 | |
लाइबेरिया | 302,000 | वियतनाम | 5,000,000 | |
मेडागास्कर | 302,000 | ज़ाम्बिया | 302,000 | |
मलावी | 302,000 | कुल | 111,701,000 |
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।