अमेरिकी विदेश विभाग
प्रवक्ता का कार्यालय
फ़ैक्ट शीट
जुलाई 13, 2021
आज अमेरिकी विदेश विभाग ने अमेरिकी वित्त विभाग, अमेरिकी वाणिज्य विभाग, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय और अमेरिकी श्रम विभाग के साथ मिलकर शिनजियांग से सप्लाई चेन और निवेश संबंधों वाले व्यवसायों के लिए, वहां और पूरे चीन में जबरन श्रम और मानवाधिकार हनन की अन्य प्रथाओं में उनकी सहभागिता की स्थिति में, बढ़े जोखिमों को रेखांकित करने के लिए अद्यतन शिनजियांग सप्लाई चेन बिज़नेस एडवाइज़री जारी की है। यह एडवाइज़री अमेरिका सरकार की एजेंसियों द्वारा 1 जुलाई 2020 को जारी मूल शिनजियांग सप्लाई चेन बिज़नेस एडवाइज़री को अद्यतन करती है।
पीआरसी सरकार शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र (शिनजियांग) और चीन में अन्य जगहों पर उइगरों तथा कज़ाख़ और किर्गिज़ मूल के लोगों, जो मुख्य रूप से मुस्लिम हैं, और अन्य जातीय एवं धार्मिक अल्पसंख्यक समूहों के सदस्यों को निशाना बनाते हुए अपना भयावह अत्याचार जारी रखे हुए है। इन दुर्व्यवहारों में वहां जारी जनसंहार और मानवता के खिलाफ़ अपराधों के साथ-साथ व्यापक एवं सरकार प्रायोजित जबरन श्रम की प्रथा, अत्यधिक निगरानी, जबरन जनसंख्या नियंत्रण के उपाय थोपा जाना और बच्चों को परिवारों से अलग किया जाना, सामूहिक नज़रबंदी, और मानवाधिकार हनन के अन्य कृत्य शामिल हैं। इन दुर्व्यवहारों की गंभीरता और व्यापकता को देखते हुए, शिनजियांग से संबद्ध सप्लाई चेन, उद्यमों, और/या निवेश से नहीं हटने वाले व्यवसायों और व्यक्तियों पर अमेरिकी क़ानून के उल्लंघन का अत्यधिक ख़तरा हो सकता है। अद्यतन एडवाइज़री में निम्नांकित का उल्लेख है:
- शिनजियांग में और उससे संबंधित व्यापक एवं सरकार प्रायोजित जबरन श्रम और अत्यधिक निगरानी से संबंधित जानकारी;
- विभिन्न प्रकार के ख़तरों और शिनजियांग से संबंधित सरकार प्रायोजित जबरन श्रम एवं मानवाधिकार हनन से संभावित जुड़ाव की जानकारी;
- निगरानी की क्षमताओं वाले उत्पादों या सेवाओं के अंतिम उपयोगकर्ता विदेशी सरकारों से जुड़े लेनदेन के संबंध में “व्यापार और मानवाधिकारों पर संयुक्तराष्ट्र के मार्गदर्शक सिद्धांतों” के कार्यान्वयन हेतु अमेरिकी विदेश विभाग के निर्देश;
- शिनजियांग में निगरानी से जुड़ी पीआरसी की कंपनियों में निवेश करने वालों के लिए सूचनाएं;
- बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों और अन्य निवेशकों से संबंधित आवश्यक मूल्यांकन प्रक्रिया के बारे में जानकारी;
- अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय और अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा दी गई जानकारी;
- शिनजियांग में और उससे संबंधित मानवाधिकार हनन के मद्देनज़र अमेरिकी सरकार द्वारा उठाए गए क़दमों के बारे में अद्यतन जानकारी, जिसमें अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी द्वारा विदहोल्ड रिलीज़ ऑर्डर जारी किया जाना, अमेरिकी वाणिज्य विभाग की प्रतिबंधित सूची में कंपनियों को शामिल किया जाना, अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा आर्थिक प्रतिबंध लगाया जाना, अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा वीज़ा प्रतिबंध लगाया जाना, तथा बाल श्रम या जबरन श्रम द्वारा उत्पादित वस्तुओं की अमेरिकी श्रम विभाग की सूची (अनुलग्नक 1) में चीज़ों को जोड़ा जाना शामिल हैं, लेकिन जानकारी इन्हीं तक सीमित नहीं हैं।
- शिनजियांग सिलिकॉन और पॉलीसिलिकॉन सप्लाई चेन में जबरन श्रम तथा शिनजियांग से प्राप्त सामग्रियों के व्यापक इस्तेमाल के बारे में जानकारी (अनुलग्नक 4); तथा
- अन्य देशों के नियामक प्रावधानों की सूची और सप्लाई चेन में जबरन श्रम पर जानकारी (अनुलग्नक 7)।
अधिक जानकारी के लिए DRL-Press@state.gov से संपर्क करें या https://www.state.gov/key-topics-bureau-of-democracy-human-rights-and-labor/business-and-human-rights/ पर जाएं।
मूल स्रोत: https://www.state.gov/issuance-of-updated-xinjiang-supply-chain-business-advisory/.
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।