व्हाइट हाउस
अप्रैल 22, 2023
आज, मेरे आदेश पर, अमेरिका की सेना ने खारतूम से अमेरिकी सरकारी कर्मियों को निकालने के लिए एक अभियान चलाया। मुझे अपने दूतावास के कर्मचारियों की असाधारण प्रतिबद्धता पर गर्व है, जिन्होंने साहस और पेशेवर दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और सूडान के लोगों के साथ अमेरिका की दोस्ती और जुड़ाव को प्रदर्शित किया। मैं बेजोड़ कौशल के लिए अपने सैनिकों का आभारी हूं, जिन्होंने सफलतापूर्वक उन्हें सुरक्षित निकाला। और मैं जिबूती, इथियोपिया और सऊदी अरब को धन्यवाद देता हूं, जिनकी हमारे अभियान की सफलता में अहम भूमिका थी।
मेरी टीम से मुझे सूडान में अमेरिकियों की हरसंभव सहायता करने के लिए जारी उनके काम के बारे में नियमित रिपोर्ट मिल रही है। हम इस प्रयास में अपने सहयोगी देशों और साझेदारों के साथ भी निकट सहयोग कर रहे हैं।
सूडान में हो रही इस दुखद हिंसा में पहले ही सैकड़ों निर्दोष नागरिकों की जान जा चुकी है। यह नितांत अनुचित है और इसे रोका जाना चाहिए। संघर्षरत पक्षों को तत्काल और बिना शर्त संघर्षविराम लागू करना, मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करना और सूडान के लोगों की इच्छा का सम्मान करना चाहिए। हम सूडान में अमेरिकी दूतावास का संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर रहे हैं, लेकिन सूडानी लोगों और अपने भविष्य की उनकी आकांक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है।
अस्वीकरण: यह अनुवाद शिष्टाचार के रूप में प्रदान किया गया है और केवल मूल अंग्रेज़ी स्रोत को ही आधिकारिक माना जाना चाहिए।